रामकृष्णा फोर्जिंग्स में साइबर अपराध के प्रति जागरूक हुए 150 कर्मचारी, पुलिस ने बताए बचाव के तरीके
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से साइबर थाना पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 15 अक्टूबर को दुगनी स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट नंबर-09 में आयोजित इस अभियान में करीब 150 कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने कर्मचारियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने और बिना जांच-पड़ताल के मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल करने से बचने की सलाह दी। पुलिस ने बताया कि आरटीओ चालान, शादी का निमंत्रण, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजी जाने वाली संदिग्ध फाइलों के जरिए साइबर ठगी की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में किसी भी अनजान एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
पुलिस ने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार और पैन नंबर जैसी निजी जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही लॉटरी, केबीसी और नौकरी दिलाने के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और संदेशों से सतर्क रहने को कहा। सरकारी अधिकारी बनकर वित्तीय जानकारी मांगने या रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहने की भी सलाह दी गई।
सोशल मीडिया पर रिश्तेदार या परिचित बनकर पैसे मांगने वाले लोगों की पहचान की पुष्टि किए बिना रकम नहीं भेजने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित को बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी थाना या साइबर थाना से भी संपर्क करने की सलाह दी गई।
पुलिस का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराध के नए तरीकों के प्रति जागरूक करना और ऑनलाइन ठगी से होने वाले आर्थिक नुकसान को रोकना है।


