LatestNewsझारखण्डसरायकेला

राजनगर के चाँवर बाँधा में 24 प्रहर अखण्ड हरिनाम संकीर्तन 18 अप्रैल

सरायकेला 

जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरूली पंचायत के चाँवर बाँधा (पोस्ट–नवागढ़) में 18 से 20 अप्रैल 2026 तक 24 प्रहर (तीन दिवसीय) श्री श्री राधा गोविन्द अखण्ड हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है और तैयारियां जोरों पर हैं।

आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत 17 अप्रैल (शुक्रवार) को कलश स्थापना एवं गंधादिवस के साथ होगी। 18 अप्रैल (शनिवार) को शुभ नाम-आरम्भ किया जाएगा। 20 अप्रैल (सोमवार) को शुभ जागरण रात्रि का आयोजन होगा, जबकि 21 अप्रैल (मंगलवार) को धूलट एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

इस संकीर्तन में झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रसिद्ध संप्रदाय भाग लेंगे। इनमें बानसा (झालदा, पुरुलिया) की अष्टमी कुमारी (महिला संप्रदाय), तुतुरी (बाघमुंडी) के बिरेन दास, केन्दडीह (नीमडीह) के सुभाष महतो, बिदरी (बाघमुंडी) के शत्रुघ्न दास, रूपरू के मनसा राम दास तथा झाड़ग्राम की राधा कृष्ण महिला संप्रदाय प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

आयोजन को सफल बनाने के लिए भक्तवृन्द एवं नवयुवक संकीर्तन समिति, चाँवर बाँधा द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर हरिनाम संकीर्तन में भाग लेने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखा जा रहा है।

Share this news