चौथे ईस्ट ज़ोन पिकल बॉल चैंपियनशिप में श्रीनाथ विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, कई पदक किए अपने नाम

रांची स्थित खेलगांव में आयोजित चौथे ईस्ट ज़ोन पिकल बॉल चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड पिकल बॉल एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसमें श्रीनाथ विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने विशेष रूप से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।


बिगिनर पुरुष एकल वर्ग में श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्र रवि कुमार ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं बिगिनर महिला एकल वर्ग में मुस्कान कुमारी यादव ने भी शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
बिगिनर पुरुष युगल वर्ग में रवि कुमार और मयंक आदर्श की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इसके अलावा एडवांस मिक्स्ड डबल्स में रवि कुमार और मुस्कान कुमारी यादव की जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही।
इधर, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की पूर्णिमा प्रमाणिक और स्नेहा कुमारी की जोड़ी ने बिगिनर महिला युगल वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सौमन घोष और बिजू मंडल ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए बिगिनर पुरुष एकल वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक अपनी जगह बनाई।
टीम के कोच एवं श्रीनाथ बीएड कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर सूर्यजीत सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. एस. एन. सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ये छात्र संस्थान की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनाथ विश्वविद्यालय को खेल के क्षेत्र में एक रोल मॉडल संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलेगा।

