Newsझारखण्डसरायकेला

सड़क हादसे में पति को खोने वाली प्रतिमा महली को मिला रोजगार, तरुण महतो की पहल पर टोल प्लाजा में मिली नौकरी

 

 

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत पाटा गांव निवासी स्वर्गीय नंद लाल महली के परिवार को आखिरकार आजीविका का सहारा मिल गया है। सड़क दुर्घटना में नंद लाल महली की मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की मदद के लिए JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो ने पहल की। उनकी पहल पर मृतक की पत्नी प्रतिमा महली को टोल प्लाजा में नौकरी उपलब्ध कराई गई है।

 

जानकारी के अनुसार, नंद लाल महली की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियां खड़ी हो गई थीं। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर तरुण महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

 

परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तरुण महतो ने टोल प्लाजा प्रबंधन से बातचीत कर मृतक की पत्नी को रोजगार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इसके बाद प्रतिमा महली को टोल प्लाजा में नौकरी दी गई। इससे परिवार को नियमित आजीविका का एक सहारा मिला है।

 

वहीं, परिवार को भविष्य में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से पीएफ और ईएसआईसी से संबंधित आवश्यक सुविधाएं दिलाने की दिशा में भी पहल की जा रही है। टोल प्लाजा प्रबंधन ने भी परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

 

इस संबंध में तरुण महतो ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य को खोने का दुख कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को आर्थिक और रोजगार संबंधी सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना ही सच्ची जनसेवा है।

 

तरुण महतो की इस पहल से सड़क दुर्घटना में पति को खोने वाले परिवार को आर्थिक रूप से संभलने की एक नई उम्मीद मिली है।

Share this news