LatestNewsNews postझारखण्डसरायकेला

राजनगर में अवैध शराब पर छापेमारी, पर हर बार आरोपी फरार — उत्पाद विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

राजनगर (सरायकेला-खरसावां): जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ एक बार फिर छापेमारी की गई। विभागीय प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुंडाकाटी, विश्रामपुर तथा मंझगांव टोला जोगोडा में संचालित तीन अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान करीब 40 लीटर अवैध शराब और लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर नष्ट किया गया।

कार्रवाई कागज़ों पर बड़ी नजर आती है, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी मुख्य आरोपी मौके से फरार बताए गए। लगातार हो रही ऐसी छापेमारियों के बावजूद किसी की गिरफ्तारी न होना अब सवाल खड़े करने लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार छापेमारी से पहले ही कारोबारियों को इसकी भनक लग जाती है, जिसके कारण वे आसानी से फरार हो जाते हैं। इससे यह संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं न कहीं सूचना तंत्र कमजोर है या फिर कार्रवाई पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पा रही है।

गौरतलब है कि सरायकेला उत्पाद विभाग की अधिकांश कार्रवाइयों में शराब और जावा महुआ की बरामदगी तो होती है, लेकिन संचालकों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती। हर बार विभाग की ओर से यही कहा जाता है कि “अभियुक्त मौके से फरार हो गए।”

ऐसे में सवाल उठता है कि यदि आरोपी हर बार बच निकलते हैं, तो अवैध शराब कारोबार पर अंकुश कैसे लगेगा? बिना गिरफ्तारी के की जा रही छापेमारी से कारोबारियों में कानून का डर कम होने की आशंका भी जताई जा रही है।

अब जरूरत इस बात की है कि उत्पाद विभाग केवल बरामदगी के आंकड़े पेश करने के बजाय यह भी स्पष्ट करे कि अब तक कितने मामलों में वास्तविक गिरफ्तारी हुई, कितने आरोपियों को जेल भेजा गया और कितनों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई।

जब तक इन सवालों के ठोस जवाब सामने नहीं आते, तब तक हर छापेमारी के बाद “आरोपी फरार” की कहानी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती रहेगी।

Share this news