राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि राजनगर-जुगसलाई मार्ग तथा राजनगर से टंगरानी होते हुए सरायकेला जाने वाले मार्ग पर रात के अंधेरे में बिना वैध चालान के स्टोन चिप्स और बोल्डर की ढुलाई की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन रात 10 बजे के बाद दर्जनों हाईवा वाहनों के माध्यम से खनिज परिवहन का सिलसिला शुरू हो जाता है। आरोप है कि इस दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
मामले में कुछ कारोबारियों के नाम भी चर्चा में हैं। आरोप है कि कथित रूप से एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से यह कार्य संचालित किया जा रहा है। सूत्रों ने हाइवा संख्या JH09AT 9118 का भी उल्लेख किया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला केवल अवैध परिवहन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजस्व चोरी और खनन नियमों के उल्लंघन का भी गंभीर विषय बन सकता है।
अब निगाहें जिला प्रशासन और खनन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है कि वे इन आरोपों की सच्चाई सामने लाएं और अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाएं।