Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़, अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-15 बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। हर मैच रोमांच से भरपूर रहा और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने मैदान में मौजूद दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

प्रखंड शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल संचालन में बीआरपी शांति जामुदा एवं ऋषिकेश महतो की अहम भूमिका रही। वहीं सीआरपी दिनेश दास, दिनेश महतो, बसंत महतो, नरेश मंडल, बाबूलाल महतो, प्रसेनजीत नाथ, अनीता तिर्की, तपन पाल सहित शिक्षक सुदीप कुमार मुखर्जी, दीपक सिंह देव, संध्या महतो, सुनीता महाकुड़, प्रदीप हेम्ब्रम, बुधराय हेंब्रम, डिगरुस हांसदा, सीताराम सोरेन, घासीराम मार्डी, गेंदरू देवगम, बैद्यनाथ मुर्मू, संजय डे एवं रजनी टोपनो ने सक्रिय योगदान दिया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले चरण में 29 जून को अंडर-17 बालक एवं अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इन वर्गों की विजेता टीमें जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में राजनगर प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस आयोजन से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति उत्साह का संचार हुआ है।

Share this news