विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सरायकेला : राजनगर भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सड़क, पुलिया निर्माण, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा, एंबुलेंस उपलब्धता समेत कई जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।


मुलाकात के दौरान जिला परिषद सदस्य ने चौकीदारी बहाली प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की। इसके अलावा बाली जुड़ी एवं छोटा खीरी गांव में पीसीसी पथ निर्माण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
ज्ञापन में कुनाबेड़ा स्थित टाटा-राजनगर मुख्य सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने तथा क्षेत्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। वहीं खैरकोचा-भीमखंदा पुलिया निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा एदल स्कूल में बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी उपायुक्त के समक्ष रखी गई, ताकि विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके।
उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

