उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक चाईबासा शाखा पर अभद्र व्यवहार का आरोप, बिना संबंध वाले लोगों को लोन भरने के लिए धमकी भरे कॉल

चाईबासा : शहर में Utkarsh Small Finance Bank की चाईबासा शाखा से कथित रूप से लोगों को परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। भुक्तभोगियों ने आरोप लगाया है कि विक्रम पोद्दार नामक व्यक्ति खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताकर अनजान लोगों को फोन करता है और विभिन्न व्यक्तियों के लोन का हवाला देकर भुगतान करने का दबाव बनाता है।


आरोप है कि कॉल के दौरान अभद्र भाषा, धमकी और गाली-गलौज का भी इस्तेमाल किया जाता है। पीड़ितों का कहना है कि जिन लोगों को फोन किए जा रहे हैं, उनका संबंधित लोन खातों से कोई सीधा संबंध नहीं है, इसके बावजूद लगातार कॉल कर परेशान किया जा रहा है।
भुक्तभोगियों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इस मामले की जानकारी बैंक शाखा को दी गई थी। उस समय बैंक प्रबंधन को नंबर बदलने और अनावश्यक कॉल बंद कराने की मांग की गई थी। बैंक की ओर से भविष्य में इस तरह की शिकायत नहीं आने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद फिर से कथित तौर पर धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी ग्राहक द्वारा समय पर लोन भुगतान नहीं हो पाता है तो भी बैंक या उसके प्रतिनिधियों को कानूनी और मर्यादित तरीके से व्यवहार करना चाहिए। लगातार हो रहे धमकी भरे कॉल और बदसलूकी से लोग मानसिक रूप से परेशान हैं।
मामले को लेकर लोगों ने बैंक प्रबंधन से जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो इसकी लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।

