राजनगर के प्रखंड टॉपर रोहित महतो की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएंगे झामुमो नेता सचिन महतो

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के मैट्रिक टॉपर रोहित महतो की आगे की पढ़ाई अब आर्थिक तंगी के कारण बाधित नहीं होगी। झामुमो नेता सचिन महतो ने रोहित की आगे की पढ़ाई में होने वाले पूरे खर्च की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की है। उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

रविवार को राजनगर दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित देश करम महोत्सव के समारोह को संबोधित करते हुए सचिन महतो ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि रोहित महतो ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार, समाज और पूरे राजनगर प्रखंड का नाम रोशन किया है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए।
सचिन महतो ने कहा कि रोहित की आगे की पढ़ाई में जितना भी खर्च आएगा, उसका पूरा वहन वे स्वयं करेंगे। उन्होंने रोहित को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रोहित जैसे मेहनती और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सहयोग मिलने से अन्य बच्चों में भी शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा। सचिन महतो की इस घोषणा का समारोह में मौजूद लोगों ने स्वागत किया और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।



