Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला: 1 जुलाई से शुरू होगा 15 दिवसीय योग, औषधि दर्शन एवं नशा मुक्ति अभियान

 

 

सरायकेला। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, आयुर्वेद एवं पारंपरिक औषधीय ज्ञान के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय “योग, औषधि दर्शन एवं नशा मुक्ति अभियान” आयोजित किया जाएगा। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक मारवाड़ी धर्मशाला, सरायकेला में चलेगा।

 

चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। शिविर का संचालन योग शिक्षक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ वैद्य किशोर मिश्रा करेंगे।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली और बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है। योग, प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की दिशा देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नि:शुल्क शिविर में शामिल होने की अपील की।

 

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ नगर और विकसित समाज की नींव रखते हैं। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की कला है। ऐसे अभियान समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेंगे।

 

योग शिक्षक एवं वैद्य किशोर मिश्रा ने बताया कि शिविर में योगाभ्यास, प्राणायाम, संतुलित आहार, औषधीय पौधों की उपयोगिता, प्राकृतिक उपचार पद्धति और नशे की लत से मुक्ति के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी।

 

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सरायकेला एवं आसपास के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से इस जनकल्याणकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

Share this news