सरायकेला से 56 वर्षीय महिला रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने थाना में दर्ज कराई सनहा

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र से एक 56 वर्षीय महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परिजनों ने सरायकेला थाना में सनहा दर्ज कराते हुए महिला की खोजबीन की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायकेला वार्ड संख्या-02 निवासी अरुण कुमार दत्ता ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनकी पत्नी कृष्णा देवी (56 वर्ष) बीते 20 मई 2026 को अपने भाई के घर जाने के लिए निकली थीं। उनका भाई नारायणपुर, पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में रहता है। परिजनों के अनुसार घर से निकलने के बाद कृष्णा देवी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचीं।
काफी समय बीत जाने के बाद जब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो कहीं भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई तथा मोबाइल के माध्यम से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक महिला का कोई पता नहीं चल सका है।
थाना में दर्ज सनहा के अनुसार कृष्णा देवी की लंबाई लगभग 5 फीट है। उनका रंग सांवला, चेहरा गोल है तथा घर से निकलते समय उन्होंने गुलाबी रंग की साड़ी पहन रखी थी। उनके पास दो बैग भी थे। परिजनों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति कुछ समय से कमजोर थी।
परिजनों ने पुलिस से महिला की शीघ्र खोजबीन करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने सनहा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह निकटतम थाना या परिजनों को सूचना दे सकता है।

