FoodLatestNewsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, होटल-रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों की हुई जांच

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को सरायकेला के गैराज मोड़ के समीप स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य निर्माण क्षेत्र, भंडारण व्यवस्था, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, खाद्य कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और समग्र स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छ वर्दी और हेयर कवर का उपयोग, नियमित हाथ धोने, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, उपकरणों एवं बर्तनों की नियमित सफाई तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान पेस्ट कंट्रोल, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन और प्रतिष्ठानों की नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। जिन दुकानों और प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिलेभर में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों समेत सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि किसी प्रतिष्ठान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री, मिलावटी या मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण या खाद्य सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की।

Share this news