Newsझारखण्ड

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खूंटपानी में नवप्रवेशी छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत, बैग देकर किया गया सम्मानित 

 

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खूंटपानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 6 की नव नामांकित छात्राओं के स्वागत एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में जिले के उपायुक्त मनीष कुमार अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए. विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया. छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया तथा उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया.

 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला के उपायुक्त मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला परिषद सदस्य यमुना तियू, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साव,पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी मेघनाथ मंडल, मुखिया दोनों उर्फ राकेश बांसिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके पश्चात छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा नशा उन्मूलन विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं जागरूक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय की नव नामांकित छात्राओं को विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले आवश्यक शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग के किट का वितरण किया.

उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन के प्रति उत्साहित किया तथा नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के मार्गदर्शन में बालिकाओं की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियां भी बेहतर अवसर प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकें. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास, पुस्तकालय, आवासीय सुविधा, पोषणयुक्त भोजन तथा अन्य आवश्यक संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाते हुए छात्राओं को अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए.

 

उपायुक्त ने कहा कि “शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन को नई दिशा देता है और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है. आज जो छात्राएं यहां प्रवेश ले रही हैं, वे कल अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करेंगी. उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत वरिष्ठ छात्राओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे नई छात्राओं को अपनी छोटी बहन की तरह अपनाएं. विद्यालय के नए वातावरण में उन्हें सहज महसूस कराने, पढ़ाई, दिनचर्या एवं अनुशासन से परिचित कराने तथा हर परिस्थिति में सहयोग करने का दायित्व भी वरिष्ठ छात्राओं का है. इससे विद्यालय में पारिवारिक वातावरण और अधिक मजबूत होगा तथा नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा. उपायुक्त ने छात्राओं से कहा कि वे मोबाइल एवं अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर अध्ययन, खेल एवं रचनात्मक कार्यों में अधिक समय दें. उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि प्रशासन उनकी शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, खूंटपानी अंचलाधिकारी फुलेश्वर साव, मुखिया दोनो बानसिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, विद्यालय की वार्डन ममता कुमारी समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं.

Share this news