स्कूली वाहनों पर प्रशासन सख्त, ओवरलोडिंग और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई शुरू

सरायकेला–खरसावाँ:



जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर स्कूली बसों एवं विद्यार्थियों के परिवहन में लगे वाहनों का विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गम्हरिया स्थित जेवियर स्कूल के समीप परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों की गहन जांच की।
जांच अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के मार्गदर्शन में मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार एवं रवि प्रसाद द्वारा चलाया गया। इस दौरान वाहनों के बीमा, फिटनेस, टैक्स, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और परमिट जैसे आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने (ओवरलोडिंग) पर विशेष नजर रखते हुए कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। इसमें “स्कूल बस” या “On School Duty” का स्पष्ट अंकन, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, खिड़कियों में जाली, सुरक्षित दरवाजा लॉक, विद्यालय का नाम व संपर्क संख्या, गति सीमा का पालन, चालक का वैध लाइसेंस, परिचालक की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों की सूची जैसे प्रावधान शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालय प्रबंधन और वाहन स्वामी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की सुरक्षा और वैधता की जानकारी अवश्य लें।
प्रशासन का मानना है कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था से ही विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।

