Newsझारखण्डसरायकेला

स्वच्छ नगर भी राष्ट्रसेवा है : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सरायकेला में विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान

 

 

सरायकेला, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व नगर पंचायत सरायकेला की ओर से शुक्रवार को विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ नगर पंचायत कार्यालय से अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, स्वच्छता सेवाग्रहियों और सेवादूतों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

 

अभियान में वार्ड पार्षद अंजली राय, गौतम नायक, बिक्रम सिंह मोदक, बरुण कुमार साहू और सपन कामिला समेत नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों की नहीं, हम सभी की जिम्मेदारी है। अपने घर के साथ सड़क, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना भी राष्ट्रसेवा है।”

अभियान के दौरान “एक पेड़ शहीदों के नाम” के तहत पौधारोपण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया। वहीं “एक संकल्प सरायकेला के नाम” के तहत लोगों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, जल संरक्षण करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने का संकल्प लिया।

 

नगर पंचायत की ओर से नई पीढ़ी को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए विभिन्न विद्यालयों में “मेरा स्वच्छ सरायकेला” विषय पर निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा।

 

अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने नगरवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित सरायकेला का सपना साकार होगा। नगर पंचायत का संदेश है— “स्वच्छ नगर भी राष्ट्रसेवा है।”

Share this news