सरायकेला में झारखंड आंदोलनकारियों की याद में हुआ वृक्षारोपण, मनोज चौधरी ने की पर्यावरण संरक्षण की अपील

सरायकेला: झारखंड आंदोलनकारियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सरायकेला प्रखंड के हेंसा गांव में झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समिति द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलनकारियों की स्मृति में वटवृक्ष का पौधा रोपा गया। इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में समिति के अध्यक्ष शंकर सोय लंबे समय से लगातार सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले लगाए गए कई पौधे आज बड़े वृक्ष बन चुके हैं, जो लोगों को शुद्ध वातावरण और छाया प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शंकर सोय द्वारा अपने घर में करीब दो वर्षों तक संरक्षित वटवृक्ष को सार्वजनिक स्थान पर रोपित करना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। यह वृक्ष आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ राहगीरों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
अपने संबोधन में मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ आंदोलनकारी स्वर्गीय मागू सोय एवं स्वर्गीय लुगदी सोय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में स्थापित शिलापट्ट आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समिति के अध्यक्ष शंकर सोय, उपाध्यक्ष मंगल मांझी, सचिव डॉ. अतुल सरदार, मनोज महतो सहित समिति के पदाधिकारी, ग्रामीण और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

