सरायकेला सदर अस्पताल में महिला का सफल ऑपरेशन, जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया से मिली राहत

सरायकेला: सदर अस्पताल, सरायकेला के दंत विभाग में सोमवार को राजनगर प्रखंड के छेड़िया पहाड़ी निवासी सीता हेंब्रम का सफल ऑपरेशन किया गया। महिला पिछले करीब दो महीने से मुंह के तालू और दांतों के बीच मांसपेशी की असामान्य वृद्धि (जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया) से पीड़ित थीं। इस कारण उन्हें भोजन करने और दैनिक कार्यों में काफी परेशानी हो रही थी।


सदर अस्पताल की सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. रीना सिंह एवं दंत स्वास्थ्य विज्ञान विशेषज्ञ राजू कुमार पासवान ने सफलतापूर्वक शल्य चिकित्सा कर मरीज का उपचार किया। ऑपरेशन के दौरान निकाले गए ऊतक (टिश्यू) के नमूने को आगे की जांच के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया है।
चिकित्सकों ने बताया कि जिंजाइवल हाइपरप्लेशिया जैसी समस्या तंबाकू, गुटखा, पान, खैनी जैसे तंबाकूजनित उत्पादों के सेवन, अन्य नशीले पदार्थों के उपयोग तथा मुंह की साफ-सफाई में लापरवाही के कारण विकसित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच व उपचार कराएं।
राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव और मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से तंबाकू एवं तंबाकूजनित उत्पादों से दूर रहने तथा नियमित रूप से मुंह की जांच कराने की अपील की है। विभाग का कहना है कि समय पर उपचार और तंबाकू से परहेज करने से मुख कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

