Newsझारखण्ड

सेरेंगदा गोलीकांड की बरसी पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, सांसद जोबा माझी हुईं शामिल

 

 

शहीदों के आश्रितों को वस्त्र एवं खाद्य सामग्री देकर किया गया सम्मानित, जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिलाने का लिया संकल्प

 

गोइलकेरा : झारखंड अलग राज्य और जल, जंगल, जमीन पर अधिकार के लिए आंदोलन के दौरान 25 नवंबर 1978 को गोइलकेरा प्रखंड के सेरेंगदा में हुए गोलीकांड की बरसी पर बुधवार को शहीद दुबिया होनहागा, सोमनाथ लोमगा और लुपा बुढ़ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। सांसद समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने शहीद स्मारक स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के आश्रितों को वस्त्र एवं खाद्य सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सेरेंगदा हाट बाजार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य की लड़ाई में सैकड़ों लोगों ने अपनी शहादत दी है। शहीदों का सपना जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुनिश्चित करना था। शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सुदूरवर्ती जंगल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद वन अधिकार अधिनियम लागू हुआ। गोइलकेरा के टाटीबेड़ा में उनके द्वारा सबसे पहले वन पट्टा वितरण की शुरुआत की गई थी। कई लोगों को वन पट्टा मिल चुका है, लेकिन अब भी कई जरूरतमंद इससे वंचित हैं। आने वाले दिनों में शेष योग्य लोगों को भी उनका अधिकार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सांसद ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार की ओर से 200 यूनिट मुफ्त बिजली, मंईयां सम्मान योजना, छात्रवृत्ति और सर्वजन पेंशन योजना समेत कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सभा को झारखंड आंदोलनकारी सुखदेव हेम्ब्रम, बिरसा मुंडा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया गणेश बोदरा, मुखिया सिकंदर जोंको, ग्रामीण मुंडा जुनास लोमगा और हरीश बोदरा ने भी संबोधित किया। मौके पर सचिव अघना कंडुलना, बर्धान भुंइया, सिसिलिया कंडायबुरु, विल्सन लोमगा, गुरुचरण हांसदा, रोलेन बरजो, सिलास लोमगा, मनोहर लोमगा, कांडे सिली, रूपसिंह भुंइया, संजीव प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Share this news