Newsझारखण्डसरायकेला

SIR पर आयोग का बड़ा फैसला, अब मतदाताओं के घर पहुंचेंगे BLO

 

 

कुकड़ू के बेरासी सिरूम पंचायत भवन में लगा विशेष कैंप, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो हुईं शामिल

 

कुकड़ू/सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया को लेकर अहम बदलाव किए हैं। अब नोटिस मिलने या मैपिंग नहीं होने के कारण जिन मतदाताओं का मामला लंबित है, उन्हें जरूरी दस्तावेज लेकर निर्वाचन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) स्वयं मतदाताओं के घर पहुंचकर दस्तावेज प्राप्त करेंगे और उन्हें ECINet पर अपलोड करेंगे। आयोग के इस फैसले के बाद SIR की प्रक्रिया को लेकर स्थानीय स्तर पर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत बरसी सिरूम पंचायत भवन में SIR को लेकर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो उपस्थित रहीं। कैंप के दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी लोगों को दी गई तथा SIR की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।

 

26 सितंबर को हुई पूर्ण आयोग की बैठक में फैसला

 

SIR को लेकर यह निर्णय 26 सितंबर को भारत निर्वाचन आयोग की पूर्ण आयोग की बैठक में लिया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी शामिल हुए। आयोग ने स्पष्ट किया कि SIR से संबंधित सभी निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

 

गरीब और बेघर मतदाताओं के लिए भी विशेष कैंप

 

आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को रैन बसेरों, मजदूर बस्तियों और अन्य ऐसे क्षेत्रों में विशेष कैंप एवं हेल्प डेस्क लगाने का निर्देश दिया है, ताकि पात्र मतदाता SIR की प्रक्रिया से बाहर न रह जाएं। इसका उद्देश्य ऐसे मतदाताओं तक पहुंच बनाना है, जिन्हें सामान्य प्रक्रिया में निर्वाचन कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।

 

नाम छूट गया तो Form-6 से जुड़ने का मौका

 

SIR के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट जाता है, तो वह लगातार अद्यतन प्रक्रिया के तहत ERO के समक्ष Form-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है। पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिक भी Form-6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

 

कुकड़ू में कैंप से ग्रामीणों को मिलेगी जानकारी

 

बेरासी सिरूम पंचायत भवन में आयोजित विशेष कैंप को स्थानीय स्तर पर SIR की प्रक्रिया को समझने और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कैंप में ग्रामीणों को अपने नाम, दस्तावेज और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी लेने का अवसर मिला।

Share this news