कोल्हान डीआईजी ने की समीक्षा बैठक, बकरीद के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
सरायकेला, 5 जून 2025: सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोल्हान अनुरंजन किसपोट्टा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल, सरायकेला, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, और सभी पुलिस निरीक्षक मौजूद थे।

पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किसपोट्टा ने जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, और आगामी बकरीद पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, बकरीद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं सरायकेला खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान प्रहरी चलाए जा रहे हैं, जिसमें वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और आरोप पत्रित अपराधियों का सत्यापन शामिल है।
