Newsझारखण्डसरायकेला

खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने शहीद व पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण की उठाई मांग

 

 

रांची/खूंटी, 24 जून: खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने मंगलवार को झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव से भेंट कर खूंटी लोकसभा क्षेत्र में शहीद स्थलों एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों के निर्माण हेतु एक पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने इस क्षेत्र में लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया।

 

पत्र में कहा गया है कि खूंटी जिला ऐतिहासिक व सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बिरसा मुंडा की कर्मभूमि रहा है। इसके साथ ही यह क्षेत्र कई शहीदों की बलिदान स्थली एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण पर्यटन स्थल होने के कारण विशेष महत्व रखता है। परंतु आज भी इन स्थलों तक पहुंचने के लिए उचित सड़क मार्ग नहीं होने से आम जनता, पर्यटक एवं स्थानीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए शहरों तक पहुंचने में दिक्कत होती है। वर्तमान में लगभग 450 गांवों की सड़कें या तो अधूरी हैं या पूरी तरह से खराब अवस्था में हैं, जिससे यह क्षेत्र अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।

 

सांसद कालीचरण मुंडा ने निम्नलिखित सड़क मार्गों के निर्माण और पुनर्निर्माण की सिफारिश की है उनमें शामिल हैं:-

 

1. डेरांग से पांडुपुड़िंग जलप्रपात पथ (कुल लंबाई – 7 किमी) के चौड़करण और मजबुतीकरण।

 

 

2. तपकरा–पेरवांघाघ जलप्रपात मार्ग (कुल लंबाई – 8.40 किमी) का चौड़करण और मजबुतीकरण।

 

3. खूंटी तमाड़ मार्ग से मारांगहादा-जोजोहातू होते हुए डोम्बारीबुरू तक पथ निर्माण।

 

4. सापारोम-आयुबहातू-गुटुहातू से होते हुए डोम्बारीबुरू तक मार्ग निर्माण।

 

5. आंडीडीह आयुबहातु होते हुए डोम्बारीबुरू तक सड़क निर्माण।

 

6. सायको–डोम्बारीबुरु मार्ग का निर्माण।

 

सांसद ने सचिव से आग्रह किया कि झारखंड सरकार इन सड़कों को उच्च प्राथमिकता पर रखते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ करे, ताकि शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देते हुए पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *