Newsझारखण्डसरायकेला

मुरहू अस्पताल को मिली डिजिटल एक्स-रे मशीन की सौगात, सांसद कालीचरण मुंडा ने किया उद्घाटन

 

अब मुरहूवासियों को नहीं जाना होगा खूंटी या रांची एक्स-रे के लिए

 

मुरहू (खूंटी)। मुरहू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को बुधवार को एक नई स्वास्थ्य सुविधा मिली, जब सांसद कालीचरण मुंडा ने डिजिटल एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी, प्रमुख एलिस ओड़ेया, उपप्रमुख अरुण कुमार साबू, जिला परिषद सदस्य नेलानी देमता, बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा, सीओ शंकर कुमार विद्यार्थी, प्रभारी चिकित्सक डॉ. आशुतोष तिग्गा सहित कई जनप्रतिनिधि और महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे। अस्पताल पहुंचने पर सांसद समेत अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।

 

पुरानी मैन्युअल मशीन की जगह हाईटेक एक्स-रे मशीन

 

सांसद मुंडा ने बताया कि अब तक अस्पताल में मैन्युअल एक्स-रे मशीन का उपयोग किया जा रहा था। सरकार ने इसे अपग्रेड करते हुए अब डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई है, जिससे मुरहू सहित आस-पास के ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण जांच की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मामूली एक्स-रे के लिए लोगों को अब खूंटी या रांची नहीं जाना पड़ेगा।

 

अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजिस्ट की होगी नियुक्ति

 

सांसद मुंडा ने यह भी कहा कि जिले के सदर अस्पताल और प्रखंड स्तरीय अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनें तो हैं, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस समस्या को लेकर वे जल्द ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग करेंगे।

 

अस्पताल निरीक्षण के दौरान सांसद ने कराई अपनी बीपी जांच

 

उद्घाटन के बाद सांसद ने मुरहू अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इसे बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने खुद की बीपी जांच भी कराई।

 

डिजिटल एक्स-रे मशीन से मरीज़ों को मिलेगा बेहतर सुविधा: डॉ आशुतोष तिग्गा

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू में हाल ही में स्थापित अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन को लेकर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आशुतोष तिग्गा ने जानकारी दी कि यह मशीन डिजिटल डीआर सिस्टम से युक्त है, जो पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत है।

 

उन्होंने बताया कि इस मशीन से प्राप्त एक्स-रे इमेज की गुणवत्ता काफी उच्च स्तर की होगी और इससे रेडिएशन का प्रभाव भी बेहद कम होगा। इसमें कॉन्ट्रास्ट और ब्राइटनेस को बढ़ाने-घटाने का विकल्प भी है, जिससे इमेज को डॉक्टर अपनी आवश्यकता के अनुसार समायोजित कर सकते हैं।

 

डॉ तिग्गा ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के लाभुकों, लाल और पीला राशन कार्ड धारकों तथा अज्ञात घायलों का एक्स-रे पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा। वहीं सामान्य मरीजों से मात्र ₹100 शुल्क लिया जाएगा।

 

उद्घाटन कार्यक्रम में राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. शहजादा खां, पंचायत समिति सदस्य रोशन लाल गंझू, तल्हा खां, सांसद प्रतिनिधि पांडेया मुंडू, धर्मदास कंडीर, विधायक प्रतिनिधि डिक्शन पूर्ति, बबलू खां, झामुमो नेता सनिका बोदरा, अस्पताल के भू-दाता चंद्रशेखर मांझी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *