अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का स्थापना दिवस मनाया गया
घाटशिला महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का स्थापना दिवस जिला संयोजक हर्ष राय के नेतृत्व में मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उनके विचारों को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


कार्यक्रम में कोल्हान विभाग के संगठन मंत्री दुर्गा बोदरा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देश के सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक है और इसका उद्देश्य समाज और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के सदस्यता अभियान में शामिल होने और देश एवं समाज के लिए मुखर होने का आह्वान किया।
पूर्व छात्र नेता विवेक महापात्रा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महत्वपूर्ण आंदोलनों का उल्लेख किया, जिनमें आपातकाल के विरुद्ध आंदोलन, बिहार आंदोलन, गोवा मुक्ति आंदोलन और शिक्षा में सुधार के लिए किए गए आंदोलन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हमेशा राष्ट्रहित और छात्रों के हित में काम किया है।
कार्यक्रम में हर्ष राय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया है और CBI जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि संगठन राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और अलगाववाद के खिलाफ भी संघर्ष करता रहा है।
कार्यक्रम में रोहित मुखी, तापस पाल, अंकित शर्मा, चितरंजन कुमार, मधु सिंह, अतनु कुमार, सुजल नमाता, सयान कुमार, प्रदीप सिंह, आशीष कुमार और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

