Newsझारखण्डसरायकेला

“कोल्हान की लाइफ लाइन सड़क नहीं बनी तो होगा टोल टैक्स का बहिष्कार: मनोज चौधरी

सरायकेला: कोल्हान की जीवन रेखा मानी जाने वाली टाटा-कांड्रा-सरायकेला-चाईबासा मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर जनता का गुस्सा अब उबाल पर है। सड़क की बदहाली के खिलाफ शनिवार को सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सड़क पर धान रोप कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

 

मनोज चौधरी ने कहा कि तकरीबन 65 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर हजारों की संख्या में गड्ढे बन चुके हैं। जलजमाव से स्थिति और भी भयावह हो गई है, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।

 

उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर तीन-तीन जगह टोल टैक्स वसूला जाता है, लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। न स्ट्रीट लाइट है, न पीने का पानी, न शौचालय और न ही इमरजेंसी चिकित्सा की सुविधा। रोजाना इस मार्ग से वीवीआईपी मूवमेंट होता है और सरकार को करोड़ों की आमदनी भी होती है, फिर भी विभाग और प्रशासन की आंखें मूंदे हैं।

 

पूर्व उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जेआरडीसीएल और जिला प्रशासन ने सड़क मरम्मत का कार्य नहीं शुरू किया, तो जनता के साथ मिलकर टोल टैक्स का बहिष्कार किया जाएगा।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क नहीं बनती, तब तक जनता टोल टैक्स नहीं देगी। उन्होंने स्थानीय जनता से इस मुहिम में शामिल होने की अपील की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *