Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में नदी जलस्तर में वृद्धि को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, उपायुक्त और एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण  

 

 

प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अमला सक्रिय, लोगों से सतर्क रहने की अपील

 

सरायकेला-खरसावां, जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए स्वर्णरेखा और खरकई नदियों सहित विभिन्न जलाशयों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर स्तर पर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।

 

शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने आदित्यपुर, गम्हरिया, आरआईटी और गंजिया बराज जैसे डूब और तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों को जनसुरक्षा, राहत और आपदा प्रबंधन के हर पहलू पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।

 

उपायुक्त ने कहा कि तटीय और डूब क्षेत्रों में लगातार निगरानी की आवश्यकता है और जलाशयों से जल छोड़े जाने की स्थिति में पूरी सतर्कता रखनी होगी। जनसुविधाओं से जुड़े विभागों को निर्देश दिया गया है कि जलभराव जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति पर विशेष नजर रखते हुए उन्हें ज़रूरत के अनुसार अस्थायी रूप से बंद या स्थानांतरित करने की तैयारी की जाए।

 

पंचायती राज प्रतिनिधियों और ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि वे लोगों से संपर्क बनाए रखें और आवश्यक सूचना व राहत कार्य को अंजाम दें। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देशित किया गया है कि माइकिंग, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार जन-जागरूकता फैलाएं।

 

स्वास्थ्य विभाग को भी सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों, चिकित्सकों और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया है। वहीं नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे चालू रखते हुए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

 

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के पास जाने से बचें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की आपदा से समय रहते निपटा जा सके।

 

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय द्विवेदी, अंचल अधिकारी अरविंद वेदिया सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *