LatestNewsNews postझारखण्ड

सदर अस्पताल गेट पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म, 108 एंबुलेंस सेवा की हड़ताल बनी संकट की वजह

रांची।

राजधानी रांची के सदर अस्पताल में मंगलवार को एक बेहद मार्मिक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के इमरजेंसी गेट के बाहर ही बच्ची को जन्म दिया। यह स्थिति राज्य में जारी 108 एंबुलेंस सेवा कर्मियों की हड़ताल के चलते उत्पन्न हुई, जिससे आम मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन ई-रिक्शा (टोटो) की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचते ही महिला की स्थिति गंभीर हो गई और तत्काल उसे अंदर ले जाना संभव नहीं हो पाया।

 

गेट पर तैनात सुपरवाइजर अजीत कुमार और ट्रॉलीमैन सुमित खेस ने हालात को समझते हुए तत्काल नर्सिंग स्टाफ को सूचना दी। समय की नजाकत को देखते हुए अस्पताल से साफ कपड़े मंगवाए गए और सीढ़ियों पर ही अस्थायी व्यवस्था के तहत प्रसव कराया गया।

 

नर्सों की तत्परता से मौके पर ही सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। बच्ची की गर्भनाल काटने के बाद जच्चा और नवजात को तुरंत लेबर रूम और फिर वार्ड में शिफ्ट किया गया।

 

अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी है कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *