चाईबासा में JLKM का शक्ति प्रदर्शन: कोल्हान के सैकड़ों लोगों ने थामा क्रांतिकारी मोर्चा का दामन
झारखंड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा (JLKM) की पश्चिम सिंहभूम जिला कमिटी द्वारा रविवार को एक भव्य सदस्यता ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोल्हान क्षेत्र में संगठन विस्तार और पार्टी पदाधिकारियों के सम्मान को समर्पित था। कार्यक्रम में JLKM के केंद्रीय नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रही।


समारोह में मंच का संचालन करते हुए पार्टी नेताओं ने JLKM की विचारधारा, संगठन की दिशा और झारखंडी अस्मिता की रक्षा में पार्टी की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक प्रत्याशी सह केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो ने की। मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय महासचिव बिंधेश्वर महतो, केंद्रीय संगठन सचिव विनोद स्वांसी, तथा ‘झारखंड शेरनी’ के रूप में प्रसिद्ध केंद्रीय उपाध्यक्ष बेबी महतो उपस्थित रहीं।

अन्य प्रमुख पदाधिकारियों में केंद्रीय सचिव सोनामनी हेंब्रम, केंद्रीय संगठन सचिव नाशपाती महतो, सविता महतो और अनिता हेंब्रम भी शामिल थीं।
इस अवसर पर कोल्हान क्षेत्र के कई समाजसेवी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने JLKM पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार माला पहनाकर और पार्टी का अंगवस्त्र ओढ़ाकर सभी नव-शामिल सदस्यों का स्वागत किया गया।
पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में शामिल हैं: हरिला मुखिया श्री जगमोहन सवैया, सन्नी बुकरू, बासु सुंडी, प्रधान बोईपाई, जन्मजय तियू, गार्दी पूर्ति, जयसिंह सिंकू, रश्मि गुईया, यशमति हाँगहागा, कमला जोंको, अनिता बोईपाई, रामनाथ पूर्ति, घनश्याम गोप, तुराई पूर्ति, तथा निरंजन पान।
नव सदस्यों ने JLKM के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा के संकल्प के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का वचन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि JLKM सिर्फ एक राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि यह झारखंडी अस्मिता, आत्मसम्मान और अधिकारों की लड़ाई का क्रांतिकारी मंच है। उन्होंने संगठन को गाँव-गाँव, टोला-टोला तक पहुँचाने की अपील की।


