JamshedpurNewsझारखण्ड

पोटका में धूमधाम से मनाया जा रहा भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन

 

 

पोटका, संवाददाता: सावन पूर्णिमा के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला भाई-बहन का पवित्र पर्व रक्षाबंधन शनिवार को पोटका क्षेत्र में बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही बहनों में उत्साह देखने को मिल रहा है। वे अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनसे सुरक्षा का वचन ले रही हैं।

 

पूरे विधि-विधान के साथ बहनों ने गीत गाए, भाइयों के हाथ में नारियल व फल देकर आशीर्वाद मांगा, आरती उतारी और मस्तक पर तिलक लगाया। मिठाई खिलाकर दोनों ने एक-दूसरे के प्रति स्नेह और विश्वास को मजबूत किया। भाई भी बहनों को उपहार और मिठाई देकर उनके सुख-दुख में साथ रहने का वचन दे रहे हैं।

 

त्योहार को लेकर दूर-दराज से बहनें अपने भाइयों से मिलने पहुंची हैं। दिन भर रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त रहने के कारण पूरे दिन चहल-पहल और उल्लास का माहौल बना रहा।

 

बहनों का कहना है कि यह सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि अपने भाई-बहन और माता-पिता से मिलने का सुनहरा अवसर भी है। साल भर इस दिन का इंतजार रहता है, क्योंकि यह रिश्तों में अपनापन और प्रेम को और भी प्रगाढ़ करता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *