सरायकेला: नगर पंचायत भवन के पास घायल कुत्ते की अनदेखी, कई महीनों से गले में फंसा प्लास्टिक डब्बा
सरायकेला नगर पंचायत भवन के ठीक समीप एक बेजुबान कुत्ते की दर्दनाक हालत ने लोगों का ध्यान खींचा है। जानकारी के अनुसार, कई महीनों से इस कुत्ते के गले में एक प्लास्टिक का डब्बा फंसा हुआ है, जिससे वह न तो ठीक से खाना खा पा रहा है और न ही सामान्य रूप से जी पा रहा है।


कांग्रेस नेता टुकनू भांज ने बताया कि उन्होंने इस कुत्ते को कई बार दर्द से तड़पते देखा है और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर डब्बा निकालने की कोशिश भी की, लेकिन हर प्रयास विफल रहा। उन्होंने जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि तुरंत पशु चिकित्सकों की टीम भेजकर इस बेजुबान को राहत दिलाई जाए।

टुकनू भांज ने यह भी सवाल उठाया कि नगर पंचायत के मुख्य भवन के सामने हो रही इस स्थिति पर संबंधित विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पशु प्रेम और संरक्षण की बातें सिर्फ कागजों में रह गई हैं, जबकि ज़मीनी स्तर पर ऐसी घटनाएं प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करती हैं।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह कुत्ता और अधिक पीड़ा झेलने को मजबूर होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

