श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता छात्रों ने रेडियो धूम का किया शैक्षणिक दौरा
जमशेदपुर – श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के 2025 बैच के विद्यार्थियों ने मंगलवार को शहर के लोकप्रिय एफएम चैनल रेडियो धूम 104.8 का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने रेडियो प्रोडक्शन की प्रक्रिया, तकनीक और संचालन को करीब से देखा और कई गतिविधियों में हिस्सा भी लिया।


यात्रा के दौरान आरजे श्वेता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि रेडियो में रिकॉर्डिंग, एडिटिंग और ऑन-एयर प्रोग्रामिंग किस तरह की जाती है। उन्होंने लाइव डेमो के जरिए स्टूडियो उपकरणों का इस्तेमाल, वॉइस मॉड्यूलेशन और कंटेंट प्रस्तुति की बारीकियां समझाईं।

मौके पर रेडियो धूम के सीनियर मैनेजर बुलंद इकबाल खान और डिप्टी मैनेजर अखिलेश प्रसाद ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने रेडियो उद्योग के संचालन, टीम वर्क और मीडिया मैनेजमेंट से जुड़ी अहम जानकारियां दीं।
भ्रमण के दौरान छात्रों को रिकॉर्डिंग गतिविधियों में भाग लेने और रेडियो तकनीक से जुड़े विभिन्न उपकरणों को चलाने का अवसर मिला। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और जिज्ञासा देखते ही बन रही थी।
इस शैक्षणिक यात्रा में विभागाध्यक्ष (प्रभारी) संजय भारती, सहायक प्राध्यापक नर्मदेश चंद्र पाठक और अमित मिश्रा भी साथ रहे। उन्होंने इसे विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का उत्कृष्ट मौका बताया।

