Newsझारखण्ड

“1932 खतियान पर गरमा गया सदन, टी-शर्ट पहनकर पहुंचे विधायक जयराम महतो, बोले – कब मिलेगा झारखंडियों को अधिकार?”

रांची : 

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में एक बार फिर 1932 खतियान का मुद्दा गरमा गया। इस दौरान विधायक जयराम महतो एक खास अंदाज में सदन पहुंचे। उन्होंने ऐसी टी-शर्ट पहन रखी थी जिस पर “1932 – कब मिलेगा झारखंडियों को अधिकार” लिखा हुआ था।

 

महतो इस मुद्दे पर सदन में अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन लगातार हो रहे हंगामे के कारण उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला।

 

सत्र स्थगित होने के बाद मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि 1932 खतियान सिर्फ एक कागज़ का टुकड़ा नहीं बल्कि झारखंड की अस्मिता से जुड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में संवेदनशील नहीं है और बार-बार इसे टाल रही है।

 

महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बने 25 साल हो चुके हैं, फिर भी स्थानीय नीति को लेकर स्पष्टता नहीं है। “आखिर झारखंडी कौन है, कब तक पहचान और अधिकार से वंचित रखा जाएगा?” उन्होंने सवाल उठाया।

 

उन्होंने आगे कहा कि आज भी जमीन की लूट, पहाड़ों की कटाई और संसाधनों का दोहन हो रहा है, जबकि झारखंडवासियों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। इस कारण एक नए जनआंदोलन की ज़रूरत है ताकि 1932 खतियान पर ठोस नीति बन सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *