कुचाई में सूर्या हांसदा के फर्जी एनकाउंटर और आदिवासी जमीन पर रिम्स-2 के खिलाफ भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन
कुचाई प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने आक्रोश प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर आदिवासी नेता सूर्या हांसदा का फर्जी एनकाउंटर किया गया है. साथ ही आदिवासियों की जमीन को छीनकर रिम्स-2 बनाने की साजिश के खिलाफ भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता सोनाराम बोदरा ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, गिट्टी और कोयले की अवैध लूट चल रही है, लेकिन सरकार इसे रोकने के बजाय छोटे व्यापारियों को जेल में डाल रही है. जबकि बड़े व्यापारियों को खुली छूट दी गई है. मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव,जिला परिषद सदस्य झिंगी हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा सोय, विजय महतो,मंगल सिंह मुंडा, राहुल दास, सत्येन्द्र कुम्हार, घनश्याम मुंडा, आशु मुंडा, गनेश्वर मुंडा, धमेन्द्र साडिल, नागेन्द्र तांती, दास सोय, केपी सेठ सोय, लुदरी मुंडा आदि उपस्थित थे.



