लावजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवरात्रा से पहले माँ दुर्गा के रूप में बच्ची का जन्म, सुरक्षित नॉर्मल प्रसव की उपलब्धि
जमशेदपुर, 13 सितम्बर 2025।


बोड़ाम प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लावजोड़ा में नवरात्रा की शुरुआत से पहले शनिवार को एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसे माँ दुर्गा का स्वरूप मानकर स्वागत किया गया। बेलडीह पंचायत के पाकोटोड़ा टोला निवासी वरुण सबर और ममता सबर के घर जन्मी यह बच्ची 2.500 किलो वजन की है। जन्म के समय माँ और बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताई गईं।
यह क्षेत्र का पहला सुरक्षित नॉर्मल प्रसव है, जो सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार और जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। पीएचसी लावजोड़ा के प्रभारी डॉ. सौमेन कुमार दत्ता एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भूमिका से यह संभव हो सका।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने इस उपलब्धि को संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में आमजनों का बढ़ता विश्वास बताया। उन्होंने कहा कि “यह सफलता सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास और सहयोग का प्रतीक है, इसे निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। इस उपलब्धि का श्रेय उपायुक्त महोदय तथा पटमदा टीम को जाता है। हमारी पूरी टीम बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।”
जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने सूचना मिलते ही मध्यरात्रि में लावजोड़ा पहुँचकर प्रभारी डॉ. सौमेन कुमार दत्ता, सीएचओ सबा परवीन, एएनएम पूनम कुमारी, रुक्मणी सरदार, पर्वती टुडू, पाकोटोड़ा गाँव की सहिया और पीएचसी लावजोड़ा के समस्त कर्मियों को बधाई दी।
इस उपलब्धि ने न केवल एक सुरक्षित मातृत्व की मिसाल पेश की है, बल्कि यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर आमजन के भरोसे को भी मजबूती प्रदान करती है।

