रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशंस में मजदूर–प्रबंधन वार्ता सफल, सभी मजदूर बहाल
सरायकेला।


आदित्यपुर फेज-5 स्थित रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशंस कंपनी में मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच चल रही तनातनी का अंत हो गया है। सोमवार को JMU के ज़िला अध्यक्ष सुनील गोराई के नेतृत्व में कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच वार्ता हुई, जिसमें कई मुद्दों पर सहमति बनी।
मजदूरों की प्रमुख मांगों में समय पर वेतन का भुगतान शामिल था। इस पर कंपनी के सीटीओ श्री सेनापति ने स्पष्ट किया कि बाजार में डिमांड घटने के कारण अस्थायी दिक्कतें आईं, जिसकी वजह से वेतन में देरी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में मजदूरों को समय पर वेतन देने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि उनके भरण-पोषण में कोई कठिनाई न हो।
इस मौके पर सुनील गोराई ने कहा कि वेतन में देरी की वजह से मजदूरों और प्रबंधन के बीच गलतफहमियां पैदा हो गई थीं, जिसके चलते कुछ मजदूरों को काम पर आने से रोक दिया गया था। लेकिन बातचीत के बाद कंपनी प्रबंधन ने सकारात्मक पहल करते हुए सभी मजदूरों को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया।
कंपनी की ओर से सीटीओ सेनापति ने कहा— “कंपनी हमारा परिवार है और मजदूर इस परिवार का हिस्सा हैं। जो गलतफहमियां हुई थीं, वे अब दूर हो गई हैं।”
वार्ता के सफल होने के बाद कंपनी में कार्य वातावरण सामान्य हो गया है और मजदूरों ने भी राहत की सांस ली है।

