Newsझारखण्ड

यूसिल में भ्रष्टाचार व ट्रांसफर नीति लागू करने की मांग, आरटीआई कार्यकर्ताओं का जादूगोड़ा में धरना, जनता का समर्थन

 

जादूगोड़ा, 16 सितंबर 2025

यूसिल में व्याप्त भ्रष्टाचार और नई ट्रांसफर नीति लागू करने की मांग को लेकर आरटीआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जादूगोड़ा यूसिल अस्पताल चौक पर एक दिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व सुनील मुर्मू और सीता राम हांसदा ने किया।

 

धरना स्थल पर आरटीआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में यूसिल की सात यूरेनियम खदानों — बागजाता, भाटिन, नरवा पहाड़, तुरामडीह, बादूहुराग ओपन कास्ट माइंस और महुलडीह प्रोजेक्ट — में वर्षों से कुछ अधिकारी एक ही स्थान पर बने रहकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में निष्क्रिय अधिकारी अपने पसंदीदा कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने में लगे हैं, जबकि कंपनी का काम बाहरी व्यक्तियों से करवा वेतन भुगतान किया जा रहा है।

 

इसके अलावा, यूनियन द्वारा फर्जी बैठकों के ड्राफ्ट तैयार कर ओडी लेकर कंपनी से वेतन उठाने का भी आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस पूरे भ्रष्टाचार में उच्च अधिकारियों का संरक्षण है।

 

आरटीआई कार्यकर्ताओं ने यूसिल के नए सीएमडी डॉ. कंचन आनंद राव से मांग की है कि प्रमोशन नीति में बदलाव किया जाए, वर्षों से जमे अधिकारियों का स्थानांतरण सुनिश्चित हो, तुरामडीह परियोजना में क्वार्टर आवंटन में घूसखोरी रोकी जाए और संबंधित मामलों की जांच कराई जाए।

 

धरना के दौरान क्षेत्र की उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए कार्यकर्ताओं ने खराब सड़कों और सामाजिक विकास कार्यों में गति लाने की भी मांग उठाई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *