“कुड़मी समाज की एकजुट आवाज़: ST में शामिल करने की मांग को लेकर रेल टेका आंदोलन की तैयारी तेज़”
गुंजरडीह, 16 सितम्बर 2025।


बोकारो जिले के कुड़मी समाज द्वारा प्रस्तावित “रेल टेका आंदोलन” को लेकर लोगों को जागरूक करने का अभियान तेज़ कर दिया गया है। आगामी 20 सितम्बर 2025 को आयोजित इस आंदोलन की तैयारी के तहत आज गुंजरडीह गांव में समाज की महिलाओं और युवाओं ने घर‑घर जाकर लोगों से संपर्क किया और उन्हें आंदोलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कुड़मी समाज की युवा नेत्री काजल महतो ने लोगों से संवाद करते हुए बताया कि यह आंदोलन आदिवासी कुड़मी समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) में शामिल करने की माँग को लेकर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की पहचान, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज़ को मजबूत करना आवश्यक है।
काजल महतो ने कहा कि रेल टेका कार्यक्रम समाज की सामूहिक ताकत को दर्शाने वाला होगा। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की ताकि समाज की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुँचाया जा सके।
गुंजरडीह गांव में आयोजित जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठ सदस्य भी समर्थन देने और सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए आगे आए।
यह आंदोलन आदिवासी कुड़मी समाज की आवाज को एक मंच प्रदान करेगा और क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक अधिकारों की दिशा में ठोस पहल का रास्ता खोलेगा।

