Newsझारखण्ड

“सोबरन स्मृति ट्रेनिंग सेंटर, चाकुलिया में झारखंड सामाजिक परिवर्तनशाला की शुरुआत, 35 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा”

चांडिल प्रखंड के चिलगु पंचायत अंतर्गत चाकुलिया गाँव में स्थित सोबरन स्मृति ट्रेनिंग सेंटर के कपूर बागी सभागार में 17 सितंबर, बुधवार से झारखंड सामाजिक परिवर्तनशाला (JSSC 2025-26) के दूसरे बैच की पहली आवासीय कार्यशाला शुरू हुई। चार दिवसीय इस शिविर में राज्य के अलग-अलग जिलों से आए कुल पैंतीस प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

 

इस पहल की शुरुआत पिछले वर्ष जनवरी महीने में रांची के नामकुम स्थित बगाइचा से हुई थी, जहाँ पहले बैच का प्रशिक्षण चला था। उस बैच की चौथी कार्यशाला इसी वर्ष जुलाई में संपन्न हुई थी। दूसरे बैच के इस शिविर का पहला दिन परिचय सत्र से आरंभ हुआ। प्रतिभागियों ने अलग-अलग अंदाज़ में अपना परिचय दिया और आपसी बातचीत में अपने जीवन संघर्ष और सपनों को साझा किया। इसके बाद प्रतिभागियों को अलग-अलग समूहों में बाँटकर कई रचनात्मक जिम्मेदारियाँ दी गईं। किसी को अख़बार तैयार करने का कार्य मिला, तो किसी को ज्ञापन लिखने, पोस्टर बनाने, रिपोर्टिंग करने और कार्यशाला की व्यवस्था संभालने का कार्य सौंपा गया। इन जिम्मेदारियों का बदलाव हर दिन होता रहेगा।

 

आगामी तीन दिनों तक सामाजिक मुद्दों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा, संवाद और गतिविधि आधारित सत्र चलेंगे। शिविर का संचालन करने वाले प्रशिक्षकों में विकास कुमार, अंकुर शाश्वत, सिद्धार्थ भट्ट, कुमार दिलीप, रासमनी तांती और शशांक शेखर शामिल हैं, जो अलग-अलग विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *