Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, कई स्थलों पर होगा विकास कार्य

 

युवा कल्याण, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास समिति ने दी स्वीकृति

 

सरायकेला। राजनगर प्रखंड के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व वाले पर्यटन स्थलों को निखारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड विधानसभा की युवा कल्याण, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास समिति से स्वीकृति मिलने के बाद अब यहां कई स्थलों पर व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे।

 

योजना के तहत काशिदा डेम, श्री श्री रघुनाथजी महाप्रभु मंदिर (ईचा), भीमखांदा मंदिर, डीबा चट्टानी (डिवाडीह ग्राम), बोंगाडांडू बुरू झील और गोविंदपुर शहीद ग्राम को पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने के प्रयास होंगे।

 

काशिदा डेम में पर्यटकों के लिए पार्क, ओपन जिम और बोटिंग जैसी आकर्षक सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। वहीं ईचा स्थित श्री श्री रघुनाथजी महाप्रभु मंदिर परिसर में चारदीवारी, सड़क और पार्किंग क्षेत्र का निर्माण कराया जाएगा। भीमखांदा मंदिर परिसर में पुलिस चौकी और सौर ऊर्जा आधारित लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।

प्राकृतिक झरनों वाले स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, पुलिया, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बोंगाडांडू बुरू झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए गार्डन, बोटिंग और रेस्ट हाउस का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं गोविंदपुर शहीद ग्राम में शहीद स्मारक का संरक्षण और पुलिस चौकी की स्थापना की जाएगी।

 

इन योजनाओं के क्रियान्वयन से राजनगर का पर्यटन परिदृश्य निखरेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर खुलेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजनगर ने प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को भेज दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *