दुखियाडीह में पारंपरिक वनाधिकार पत्थलगड़ी कार्यक्रम आयोजित, विधायक दशरथ गागराई हुए शामिल
कुचाई प्रखंड के दुखियाडीह में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के द्वारा पारंपरिक रूप से वनाधिकार पत्थलगड़ी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पत्थलगड़ी स्थल पर वन देवता के रूप में पूजा-अर्चना किया गया. इस बीच उपस्थित ग्रामीणों ने जंगलों और जैव विविधताओं के संरक्षण का संकल्प लिया. मालूम हो कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के पेड़-पौधों को काटना सक्त मना है. किसी भी प्रकार के वन प्रणियों का शिकार करना प्रतिबंध है.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए. इस दौरान उनका स्वागत आदिवासी रीति रिवाज से किया गया. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि हमें जंगलों के साथ जैव विविधताओं को भी हर हाल में संरक्षित करना होगा. उन्होंने कहा कि वनोपज से जीविका के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति के जितना करीब रहेंगे, उतना ही सुखी रहेंगे. विधायक ने इस कार्यक्रम के जरिये सरकारी अधिकारियों से वनाधिकार कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने व इसके तहत किये गये दावों का ससमय निष्पादन करने की अपील की. उन्होंने ग्राम मुंडा, मानकी मुंडा एवं ग्राम प्रधान के साथ बैठक कर सरकार को सुझाव देने की योजना भी बतायी. मौके पर विधायक प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह मुंडा,भारत सिंह मुंडा, सोहन लाल कुम्हार,बीस सूत्री अध्यक्ष राम सोय,प्रखंड सचिव मुन्ना सोय,करम सिंह मुंडा एवं झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ गांव के ग्रामीण उपस्थित थे.



