DC saraikela

कांड्रा में जिला परिवहन विभाग की सख्ती, ओवरलोडिंग पर फाइन, चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की दी नसीहत

कांड्रा :-सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब और सख्त हो गया है। मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ऑटो चालकों और दोपहिया वाहन चालकों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई और सड़क सुरक्षा के प्रति उन्हें जागरूक किया गया।

 

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने चालकों के वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (RC), ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की विधिवत जांच की। निरीक्षण के दौरान कई ऑटो चालकों को निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने (ओवरलोडिंग) का दोषी पाया गया। इन चालकों पर जुर्माना लगाया गया और उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी गई।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों को रोकना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन करें।

 

श्री महतो ने चालकों को हिदायत दी कि वे हमेशा अपने वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज — आरसी, बीमा, फिटनेस, पीयूसी प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस — साथ रखें। उन्होंने दोपहिया चालकों और सवारियों को हेलमेट पहनने, चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने, और ऑटो चालकों को निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री न बैठाने की सख्त सलाह दी।

 

उन्होंने कहा कि स्कूल वाहन चालक विशेष सतर्कता बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की भी अपील की गई।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध रूप से परिचालित वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

अंत में उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन भर नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *