विधि-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण को लेकर डीजीपी की वृहद बैठक, सरायकेला चैंबर महासचिव ने बताया सराहनीय कदम
सरायकेला,


राज्य में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा आयोजित वृहद वर्चुअल बैठक में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में सरायकेला-खरसावां जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में व्यापारियों और उद्यमियों से संबंधित सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी जिलों के चैंबर अध्यक्षों और महासचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों की चुनौतियों से डीजीपी को अवगत कराया और बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
इस पहल की सराहना करते हुए महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि,
> “डीजीपी द्वारा इस तरह की व्यापक वर्चुअल बैठक पहली बार आयोजित की गई है, जो निस्संदेह एक सराहनीय कदम है। इससे पुलिस और व्यापारी समुदाय के बीच संवाद और सहयोग को नई दिशा मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी बैठकें समय-समय पर आयोजित की जानी चाहिए ताकि व्यापारिक वातावरण सुरक्षित और सकारात्मक बना रहे।
ज्ञात हो कि यह बैठक फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर आयोजित की गई थी, जिसके माध्यम से राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों और व्यापारी प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाया गया।

