राजनगर में चोरी की बढ़ती वारदातें — कुछ ही घंटों में दो बाइक गायब, लोगों में भय और आक्रोश
सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर बाजार में बुधवार को चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दे दी। दिनदहाड़े कुछ ही घंटों के भीतर दो मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।


सूत्रों के अनुसार, दोपहर 12 से 1 बजे के बीच बाजार क्षेत्र से अलग-अलग स्थानों पर खड़ी दो बाइकों को अज्ञात चोर उड़ा ले गए। जब वाहन मालिक खरीदारी कर लौटे तो उनकी बाइकें गायब मिलीं। दोनों ने तुरंत राजनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और वाहन नंबर सहित पूरी जानकारी पुलिस को दी गई है।
खास बात यह है कि इसी दिन सुबह सीजूलता मोड़ स्थित एक सीएससी केंद्र से 60 हजार रुपये की चोरी हुई थी।
जबकि उसी दौरान एसडीपीओ और प्रशिक्षु डीएसपी चोरी और फायरिंग की पिछली घटना को लेकर राजनगर में समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक खत्म होते ही दोबारा चोरी की खबर सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएँ बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

