घाटशिला उपचुनाव: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कोषांगों का निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव के दिए निर्देश
घाटशिला (झारखंड): घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कोषांग, व्यय कोषांग, पोस्टल बैलेट स्ट्रांग रूम, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग और परिवहन कोषांग का अवलोकन किया।


जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने और अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों की तैयारी, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण और लॉजिस्टिक समन्वय पर विशेष जोर दिया।
व्यय कोषांग के प्रभारी को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा किए जा रहे चुनाव व्यय की सतत निगरानी करने और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की रिपोर्ट तत्काल देने के निर्देश दिए गए। पोस्टल बैलेट स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
सामग्री कोषांग को मतदान दल को समय पर और सुरक्षित सामग्री उपलब्ध कराने, ईवीएम कोषांग को मशीनों के रख-रखाव, तथा परिवहन कोषांग को कर्मियों और सामग्रियों के सुरक्षित परिवहन की दिशा-निर्देशित किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न करने की चेतावनी दी। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान सहित सभी कोषांगों के प्रभारी उपस्थित रहे।

