बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड में सतर्कता बढ़ी, 10 सीमावर्ती जिलों में सख्त निगरानी के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को निर्वाचन सदन में राज्य की प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए झारखंड के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।


रवि कुमार ने बताया कि झारखंड के 10 जिले बिहार की सीमा से सटे हैं, जहां आदर्श आचार संहिता लागू है। उन्होंने निर्देश दिया कि बिहार और झारखंड की सीमाओं पर स्थापित मिरर चेकपोस्ट को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए ताकि नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य अवैध सामग्रियों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
उन्होंने प्रवर्तन एजेंसियों से कहा कि वे आपसी समन्वय बढ़ाएं और सीमावर्ती इलाकों में नियमित छापेमारी करें। साथ ही, अवैध शराब भट्ठियों और संदिग्ध ठिकानों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जब्त की गई अवैध सामग्रियों के स्रोत और नेटवर्क की पहचान कर उस पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी माईकल राज, उत्पाद आयुक्त लोकेश कुमार मिश्रा, वाणिज्य कर आयुक्त अमित कुमार, आईजी धनंजय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

