Newsझारखण्ड

बोकारो: लुकैया में फिर दर्दनाक सड़क हादसा, बस की टक्कर से एक की मौत, दूसरा गंभीर, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

बोकारो: जिले के पेटरवार थाना अंतर्गत रांची- बोकारो मुख्य मार्ग स्थित लुकैया में शनिवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में सलगांडीह निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लुकैया निवासी शिवलाल सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल के साथ सड़क किनारे खड़े थे और सड़क पार करने की तैयारी में थे. तभी गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पेटरवार भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने रामचंद्र महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवलाल सोरेन को बोकारो सदर अस्पताल रेफर किया गया.

हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने रांची-बोकारो मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आवागमन कई घंटों तक बाधित रहा. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर लगातार सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

 

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. सूचना मिलते ही पेटरवार, कसमार और जरीडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और जाम हटाने का प्रयास किया.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *