रेल टेका आंदोलन के आरोपियों की रिहाई के लिए विधायक जयराम महतो करेंगे पहल, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
रांची से बड़ी खबर — डुमरी विधायक जयराम महतो ने पश्चिम बंगाल के कोटशिला स्टेशन रेल टेका आंदोलन के पीड़ितों से जीवदारू गांव में मुलाकात की। यह वही आंदोलन है, जिसमें 20 सितंबर को पुलिस ने लाठीचार्ज किया था और कई ग्रामीण घायल हो गए थे। आंदोलन के बाद पुरुलिया पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से पांच की हाल में रिहाई हुई, जबकि 46 लोग अब भी जेल में बंद हैं।


विधायक जयराम महतो ने घायलों और उनके परिवारों से मिलकर हालचाल जाना और कहा कि यह कोई अपराध नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन था जो पूर्व सूचना के बाद किया गया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुरुलिया के एसपी और डीएसपी से भी मुलाकात कर निर्दोष ग्रामीणों की रिहाई की मांग की है।
महतो ने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर जेल में बंद लोगों की दोषमुक्ति और रिहाई की अपील करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा — “संघर्ष जारी रहेगा जब तक हर निर्दोष को न्याय नहीं मिल जाता।”

