गोड्डा: परसा गांव हत्या कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक सात की गिरफ्तारी
गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के परसा गांव में जमीन विवाद के चलते हुई मारपीट और हत्या मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस कांड में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


घटना 18 अक्टूबर 2025 की है, जब परसा गांव में दो गोतिया (हिस्सेदार) परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें मोहम्मद हिदायत अली (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अब्दुल सुभान (27 वर्ष) और मोहम्मद असद (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस घटना के बाद हनवारा थाना में कांड संख्या 48/25, दिनांक 18 अक्टूबर 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले पांच नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के क्रम में दो और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

