रांची में कफ सिरप तस्करी का भंडाफोड़ | मांडर पुलिस ने ट्रक से 13,400 बोतल फेंसाडाइल जब्त की
रांची से बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां मांडर पुलिस ने रांची-कुडू रोड पर एक ट्रक से करीब 13,400 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप फेंसाडाइल (Phensedyl-100 ML) जब्त किया। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचाने के लिए इस सिरप को 134 चावल की बोरियों में छिपा रखा था। पुलिस ने मौके से वसीम निजाम शेख नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह सिरप हिमाचल प्रदेश स्थित Abbott Healthcare Pvt. Ltd. द्वारा निर्मित है, और रांची के तुपुदाना स्थित Saili Traders से इसकी सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई उत्तर प्रदेश क्राइम ब्रांच से मिली सूचना पर की गई।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यह मामला एक बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस नेटवर्क के मुख्य सरगना और वितरण क्षेत्रों की जांच कर रही है। बरामद कफ सिरप को औषधि नियंत्रण विभाग को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि साल 2024 में भी इसी कंपनी के फेंसाडाइल की 26,000 बोतलें धनबाद पुलिस ने जब्त की थीं। उस समय कार्रवाई गुजरात पुलिस के इनपुट पर हुई थी और जांच सीआईडी को सौंपी गई थी।

