मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा
रांची में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिनोद कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास, कांके रोड स्थित कार्यालय में हुई। इस दौरान बैंक के महाप्रबंधक चंद्रशेखरन वी, मुख्य महाप्रबंधक विवेक और क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश शरण भी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और बैंक प्रतिनिधियों के बीच राज्य में वित्तीय सेवाओं के विस्तार, बैंकिंग सुविधाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में ऋण वितरण बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बैंक अधिकारियों से कहा कि झारखंड के दूरस्थ इलाकों तक बैंकिंग सेवाएँ पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
इंडियन बैंक के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बैंक के सीडी रेशियो (क्रेडिट-डेपॉजिट अनुपात) की स्थिति से अवगत कराया और राज्य में लघु, कुटीर एवं सूक्ष्म उद्योगों को वित्तीय सहयोग देने के लिए जारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्य सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र और सरकारी योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

